Site icon NamanBharat

अगर आप पहली बार घर पर कर रहे हैं गणपति बप्पा की स्थापना, तो इन 10 नियमों को जानना है जरूरी

भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी मनाई जाती है। 10 सितंबर से गणेशोत्सव शुरू हो रहा है। इस दिन भगवान गणेश जी की मूर्ति की स्थापना लोग अपने अपने घरों में करते हैं। भक्त हर वर्ष इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं और गाजे-बाजे के साथ गणपति बप्पा को अपने घर पर लेकर आते हैं। इसके साथ ही भगवान गणेश जी की विशेष पूजा अर्चना करते परंतु घर में कितने दिन के लिए गणपति बप्पा को रखना चाहिए, यह सब भक्त पर ही निर्भर करता है।

आपको बता दें कि आमतौर पर लोग गणपति बप्पा को घर पर डेढ़ दिन, 3 दिन, 5 दिन, 9 दिन और 11 दिन के लिए लाते हैं। ऐसा माना जाता है कि अगर गणपति बप्पा घर पर आते हैं तो इससे जीवन के सारे कष्ट भगवान दूर करते हैं और घर में खुशियों के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहता है। गणेशोत्सव के दौरान भक्त भगवान गणेश जी को प्रसन्न करने के लिए तरह तरह के काम करते हैं। अगर आप अपने घर में पहली बार गणपति बप्पा को लाने की सोच रहे हैं तो उनकी स्थापना से जुड़े हुए कुछ नियमों का पालन करना बहुत ही आवश्यक है। तो चलिए जानते हैं आखिर भगवान गणेश जी की मूर्ति घर पर लाते समय किन चीजों का खास ख्याल रखना होगा।

घर पर गणपति बप्पा की स्थापना करते वक्त इन नियमों को जान लें

1. अगर आप अपने घर में गणपति बप्पा की स्थापना कर रहे हैं तो सबसे पहले आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि जिस स्थान पर आप बप्पा की स्थापना करने वाले हैं, वहां की ठीक प्रकार से साफ सफाई कर लीजिए। बहुत से लोग ऐसे हैं जो गणपति बप्पा की स्थापना करने वाले स्थान की सजावट करते हैं इसलिए आप भी ऐसा कर सकते हैं।

2. अगर आप गणपति बप्पा की मूर्ति खरीदने जा रहे हैं तो उस दौरान इस बात का ध्यान रखें कि गणेश जी की सूंड दाईं तरफ होनी चाहिए क्योंकि इस तरह की सूंड शुभ फलदायी मानी जाती है। ऐसा बताया जाता है कि अगर भगवान गणेश जी की इस तरह की मूर्ति घर पर लाई जाए तो उसके घर में सुख-समृद्धि आती है।

3. आपको ध्यान रखना होगा कि जब आप गणपति बप्पा को घर लाएं तो शंख बजाकर उनका स्वागत कीजिए। शंखनाद बहुत ही शुभ माना जाता है। इसके पश्चात आप जहां पर गणपति बप्पा को विराजमान करने वाले हैं उस स्थान पर पहले गंगाजल छिड़क दीजिए। इसके बाद आप चौकी के ऊपर लाल कपड़ा बिछाकर गणेश जी को विराजमान करें। आप दूर्वा और पान के पत्ते को गंगा जल में डुबोकर गणेश जी को स्नान करवाएं।

4. भगवान गणेश जी को विराजित करने के बाद आप उन्हें पीले रंग के कपड़े पहनाएं क्योंकि पीला रंग गणेश जी को अति प्रिय है।

5. जब आप गणपति बप्पा को विराजित कर लें तो बाद में मंत्र “ओम गं गणपतये नम:” का 21 बार जाप कीजिए।

6. आप भगवान गणेश जी की मूर्ति के पास चांदी, स्टील या फिर तांबे के कलश में पानी भर कर रखिए परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि कलश पर मौली जरूर बांध लीजिए और कलश के नीचे चावल रखना ना भूलें। ऐसा माना जाता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इसके अलावा इस बात का ध्यान रखें कि आप कलश भगवान गणेश जी की मूर्ति की दाईं तरफ रखिए।

7. जब आप ऊपर बताई गई सभी चीजें पर लें तो उसके बाद में आप भगवान गणेश जी के समक्ष घी का दीपक जलाएं।

8. अब आप दीपक जलाने के बाद हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लीजिए कि आप कितने दिनों के लिए गणपति बप्पा को विराजमान कर रहे हैं। बता दें कि गणपति बप्पा को अपने घर में डेढ़ दिन, 3, 5,7,9 और 11 दिनों के लिए जा सकता है।

9. इतना करने के बाद आप हाथ जोड़कर भगवान का आह्वाहन कीजिए। आप उनका ध्यान करते समय हाथ में पीले रंग के फूल रखकर प्रार्थना करें और बाद में उन फूलों को भगवान के चरणों में चढ़ा दें।

10. अब आप भगवान गणेश जी को मोदक का भोग लगाएं क्योंकि गणेश जी के मोदक अति प्रिय है। इसके अलावा आप चाहें तो लड्डू का भोग भी गणपति बप्पा को लगा सकते हैं।

 

Exit mobile version